कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र की सिरकी झाबर बस्ती में पिता की हत्या कर तीन महीनों से फरार चल रहे आरोपी पुत्र को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मुताबिक 35 वर्षीय शंकर खांडे शराब के नशे में तीन माह पहले घर लौटा था। किसी विवाद को लेकर उसका अपने पिता परश खांडे से झगड़ा हो गया। विवाद हिंसा में तब बदल गया और शंकर ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना के समय घर में मौजूद शंकर की मां और पत्नी ने पूरे मामले की जानकारी पड़ोसियों को दी, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर दीपका थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दीं।
तीन महीनों की खोजबीन के बाद पुलिस को पता चला कि शंकर चोरी-छिपे परिवार से मिलने कोरबा पहुंचा है और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए घर जाने के बजाय दीपका खदान क्षेत्र में घूम रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। पूछताछ में शंकर ने बताया कि हत्या के बाद वह हैदराबाद भाग गया था और वहीं मजदूरी कर रहा था। परिवार से मिलने की चाह में वह गुपचुप तरीके से वापस लौटा था।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार आरोपी शंकर खांडे पिछले तीन महीनों से हत्या के मामले में फरार था और अब उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
