कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवती द्वारा शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण का गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। युवती ने एक युवक पर लगातार दैहिक शोषण करने और गर्भवती होने के बाद वादा निभाने से मुकर जाने का आरोप लगाया है। वहीं, समय से पहले जन्मे उसके नवजात शिशु की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
युवती का आरोप- चार साल से कर रहा था शोषण
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के डरगा बहरा निवासी अरविंद ओग्रे करीब चार साल पहले युवती के घर आया था। परिजनों के अनुपस्थित होने पर उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। आरोप है कि युवक चोरी-छिपे घर आकर उसे शादी का भरोसा देकर दैहिक शोषण करता रहा। जब युवती गर्भवती हुई तो उसने अरविंद को इसकी जानकारी दी। इस पर युवक ने बच्चे सहित उसे अपनाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह अपने वादे से पीछे हट गया।
समयपूर्व जन्मा शिशु तीन दिन बाद तोड़ा दम
युवती का प्रसव स्थानीय अस्पताल में कराया गया। समय से पहले जन्म लेने के कारण नवजात की हालत गंभीर बनी हुई थी। 24 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल से पुलिस को मेमो भेजे जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
परिजनों को नींद की गोली देकर सुलाती थी युवती
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अरविंद पीड़िता को एक गोली देता था और कहता था कि इसे खाने में मिलाने से स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। युवक की बातों में आकर युवती यह गोली खाने में मिला देती थी, जिसके बाद परिजन गहरी नींद में सो जाते थे। इसी दौरान आरोपी घर आता था।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि युवती का बयान दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
