कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार रोड में शुक्रवार देर शाम हंगामे की स्थिति बन गई, जब 24 वर्षीय अरमान खान ने घर के आसपास उपद्रव शुरू कर दिया। उसके लगातार विवादित व्यवहार से परेशान परिजनों और स्थानीय लोगों ने पहले उसकी पिटाई की, उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक अरमान ने एक बुजुर्ग महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिसके बाद घरवालों और पड़ोसियों का धैर्य जवाब दे गया। करीब आधे घंटे तक इलाके में हंगामे का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के लोगों ने मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अरमान को चौकी ले जाकर परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की। चौकी प्रभारी एएसआई अमर जायसवाल ने बताया कि युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि अरमान खान पहले भी हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामले में जेल जा चुका है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पहले भी अपने पिता के साथ मारपीट कर चुका है, जिसकी शिकायत चौकी में दी गई थी। कई बार कार्रवाई होने के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार न होने से लोग लगातार परेशान हैं।