SIR कार्य की तिथि में सात दिनों की बढ़ोतरी, अब इस तारीख को खत्म होगी प्रक्रिया…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   विधानसभा की चारों सीटों पर चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। 4 नवंबर से शुरू हुए इस पुनरीक्षण कार्य को पहले 4 दिसंबर तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब तिथि में सात दिनों का विस्तार करते हुए 11 दिसंबर अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। इससे कार्य में जुटे बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को बड़ी राहत मिली है।

एसआईआर के तहत सभी क्षेत्रों में गणना पत्रक (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण जारी है। बीएलओ भरे हुए फॉर्म को मतदाताओं से लेकर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर रहे हैं, जिसे गणना पत्रक का डिजिटाइजेशन कहा जा रहा है। जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, बीएलओ और सुपरवाइजर पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

कुछ क्षेत्रों जैसे पंप हाउस कॉलोनी, मुड़ापार, शारदा विहार, अमरैयापारा, बालकोनगर, रिसदा, कुसमुंडा और पुरानी बस्ती में कई मतदाता अनुपलब्ध पाए गए हैं, जिसके कारण गणना पत्रक का सौ प्रतिशत वितरण प्रभावित हुआ है। कुछ बीएलओ ने स्वीकार किया कि अभी भी कुछ फॉर्म उनके पास शेष हैं, क्योंकि दिए गए पते पर मतदाता नहीं मिले।

इसके बावजूद कई बीएलओ ने मोबाइल ऐप के माध्यम से आयोग को जानकारी दी है कि उनके बूथों पर लगभग शत-प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की है, जबकि बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित भी किया गया है।

निर्धारित नई तिथि तक सभी लंबित फॉर्मों का वितरण और डिजिटाइजेशन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article