कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर के चंदेला होटल में शुक्रवार सुबह एक युवती का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के साथ ठहरा युवक मौके से फरार है। सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत होटल पहुँचे।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के मरकीडीह निवासी संध्या दास (20 वर्ष) के रूप में हुई है। होटल प्रबंधन के अनुसार संध्या अपने साथी राकेश कुमार मानिकपुरी (जांजगीर) के साथ एक दिन पहले कमरा नंबर 207 में ठहरी थी। दोनों ने कोरबा में एक शादी समारोह में आने की जानकारी दी थी। गुरुवार रात दोनों कमरे में गए थे, लेकिन शुक्रवार सुबह देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर स्टाफ ने जांच की। इस दौरान राकेश कमरे से गायब मिला, जबकि संध्या दास का शव बिस्तर पर पड़ा था।
एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि मृतका की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। फोरेंसिक टीम मौके से सबूत एकत्र कर रही है। पुलिस ने लापता राकेश मानिकपुरी को मामले में संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही होटल और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
