कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तुमान गांव में गुरुवार देर रात एक घरेलू विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। शराब के नशे में धुत पति और पत्नी के बीच हुए झगड़े के बीच पत्नी ने आत्मरक्षा में पत्थर के जाता से पति के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पति की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

रातभर कमरे में पड़ा रहा शव, सुबह खुला राज
पुलिस के अनुसार मनहरण यादव (40 वर्ष) शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में अपनी पत्नी कविता यादव (37 वर्ष) से विवाद करता था। गुरुवार की रात भी मनहरण शराब पीकर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। झगड़ा धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट में बदल गया।
इस दौरान मनहरण ने पत्नी पर हमला किया। खुद को बचाने की कोशिश में कविता ने कमरे में रखा पत्थर का जाता उठाया और पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि मनहरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी रात शव उसी कमरे में पड़ा रहा और आरोपी पत्नी भी वहीं मौजूद रही।
शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत कटघोरा पुलिस को इस मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, पुलिस दल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्यों को एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पत्नी कविता यादव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने आत्मरक्षा में यह कदम उठाया, क्योंकि पति ने उस पर हमला किया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान पत्नी ने पत्थर के जाता से पति के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मृतक मनहरण और आरोपी कविता, दोनों खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दंपत्ति के कुल आठ बच्चे हैं, छह बेटियां और दो बेटे। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी सभी बच्चे नाबालिग हैं। इस घटना के बाद से गांव में भी सनसनी फैल गई है।