कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: खेत में काम करने गई बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर की जमकर पिटाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पुरैनाखार गांव के पास स्थित खेत में काम करने गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला रोज की तरह सुबह खेत में काम करने गई थीं। उसी दौरान आरोपी युवक बसंत मिरी वहां पहुंचा और महिला को डरा-धमकाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। डरी-सहमी पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी अपने बच्चों को दी। परिजन तत्काल उरगा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

घटना की खबर गांव में फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। कई ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और आरोपी की तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आरोपी बसंत मिरी को पकड़ लिया। इसी दौरान भीड़ में मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी बसंत मिरी (निवासी बरपाली) आदतन नशेड़ी है। गांव वाले उसकी हरकतों से पहले से परेशान रहते थे। कई बार उसके व्यवहार के कारण ग्रामीणों के साथ विवाद भी हो चुका है। उरगा पुलिस ने तुरंत मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article