कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सीतामणी स्थित चंदेला होटल के कमरे नंबर 207 में एक युवती की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली थी, इस मामले में पुलिस ने उसके साथ ठहरे साथी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। जहां 4 दिसंबर को जांजगीर-चांपा जिले के मरकीडीह निवासी संध्या दास (20 वर्ष), राकेश मानिकपुरी नामक युवक के साथ चंदेला होटल में ठहरी थी। होटल स्टाफ को 5 दिसंबर सुबह 11 बजे तक कमरा नहीं खुलने पर शक हुआ। खिड़की से अंदर झांकने पर एक पैर दिखाई देने पर तुरंत कमरे का दरवाज़ा खोला गया, जहां युवती मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और परिजन मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल कोरबा भेजा गया। मृतिका के चाचा शिवा दास महंत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने राकेश मानिकपुरी पर हत्या का आरोप लगाया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 875/2025 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे नाराज होकर उसने गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के निर्देशन में काम करते हुए कोतवाली पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक महासिंह धुर्वे, उप निरीक्षक शारदा वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक राम कुमार उईके, आरक्षक 685 चंद्रकांत गुप्ता तथा साइबर सेल के आरक्षक आलोक टोप्पो एवं आरक्षक श्याम सिदार का विशेष योगदान रहा।
