कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा ज़िले के पसान थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाथियों की मूवमेंट की जानकारी पर पिपरिया क्षेत्र से लौट रहे वन विभाग के पसान रेंजर मनीष सिंह और उनके चालक की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
भीषण टक्कर में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह छत्तिग्रस्त हो गया। हादसे में रेंजर मनीष सिंह के सीने व हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि चालक भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां रेंजर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हाथियों की मौजूदगी से परेशान ग्रामीण
घटना से कुछ ही समय पहले रेंजर और उनकी टीम ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए हाथियों से दूर रहने की अपील की थी। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में विचरण कर रहे इस झुंड में एक शिशु हाथी भी शामिल है, जिसके कारण वयस्क हाथी अधिक आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं। बीते कई दिनों से हाथियों के लगातार घूमने और फसलों को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीण रातभर जागकर निगरानी करने को मजबूर हैं।
हादसा लौटते समय हुआ
हाथी मित्र दल द्वारा झुंड को जंगल की ओर खदेड़े जाने के बाद रेंजर और चालक वापस कार्यालय लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
