कोरबा: कोरबा जिले के हरदी बाजार नेवसा सुपेतपारा इलाके में बीती रात एक दुखद घटना सामने आई। ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे 55 वर्षीय सहेतर सिंह अचानक आग में गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि सहेतर सिंह करीब 90 प्रतिशत तक जल चुके हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात बुजुर्ग अपने घर के पीछे आंगन में रखी फसल की खरही (पुआल) की रखवाली कर रहे थे। ठंड तेज होने पर उन्होंने वहीं अलाव जलाकर आराम किया, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वे सीधे जलती आग में गिर पड़े। चीख सुनकर बेटा और बहू बाहर आए और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पूर्व स्वास्थ्य संचालक डॉक्टर पी.एस. सिसोदिया ने ठंड के मौसम में अलाव से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बंद जगह पर अलाव जलाना खतरनाक हो सकता है, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की आवश्यकता होती है।
