कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत दर्री सर्किल में जंगली सुअर के हमले से एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना तहसील कार्यालय के पीछे स्थित मणीकंचन (कचरा संग्रहण) केंद्र की है, जहां ड्यूटी पर तैनात चौकीदार पर सुअर ने अचानक हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार दर्री के नगोईखार श्यामनगर निवासी 60 वर्षीय लोरिक लाल यादव मणीकंचन केंद्र में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। रविवार रात की ड्यूटी के बाद सोमवार सुबह करीब सात बजे वे घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बकरियां केंद्र परिसर में घुस आईं, जिन्हें खदेड़ते हुए वे पास के जंगल की ओर चले गए।
बताया जा रहा है कि बकरियों के झुंड में एक जंगली सुअर भी मौजूद था, जिसकी भनक चौकीदार को नहीं लगी। अचानक झुंड से निकले सुअर ने उन पर हमला कर दिया। लोरिक लाल ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे से बचाव किया और शोर मचाया, जिसके बाद सुअर जंगल की ओर भाग गया।
हमले में चौकीदार के गले, पीठ, हाथ, जांघ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को ऑटो रिक्शा से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित को तत्काल सहायता राशि प्रदान की। वन विभाग द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
