कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी आरपी नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। डाकघर के पास स्थित नगर पालिक निगम की पूर्व अधिकारी डॉ. शिरीन लाखे के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 4 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. शिरीन लाखे (69 वर्ष) अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में बिलासपुर के अपोलो अस्पताल गई हुई थीं। इसी दौरान मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच चोरों ने उनके निवास क्रमांक 846 का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम और ड्राइंग रूम की अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट लिया।
चोरों ने घर से पुराना सोने का मंगलसूत्र, दो सोने के हार, दो कड़े, तीन सोने के टॉप्स, लगभग 100 ग्राम चांदी और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
घर लौटने पर ताले टूटे देख डॉ. लाखे ने तत्काल सिविल लाइन थाना रामपुर में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से कूदकर अंदर दाखिल हुए और करीब 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।