कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका थाना पुलिस ने अवैध कोयला हेराफेरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 335 टन कोयला बरामद किया है। जब्त किए गए कोयले की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार अदानी कंपनी के प्रतिनिधि आफताब आलम ने दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गेवरा खदान से पावर प्लांट जयरामनगर रेलवे साइडिंग तक पहुंचाए जाने वाले कोयले को ट्रेलर संचालकों ने तय गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। रेलवे साइडिंग के कुछ कर्मचारियों से मिलीभगत कर कोयले की अवैध हेराफेरी की गई और उसे अन्यत्र बेच दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 335 टन कोयला बरामद किया और इस मामले में लक्ष्मण कुमार श्रीवास, तुषार खंडे, गोपी किशन सोनझरी, दुर्गेश कुमार साहू और अतीक मेमन को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि आरोपी अलग-अलग वाहनों से अदानी कंपनी का कोयला परिवहन ठेका लेकर काम कर रहे थे। दीपका से जयरामनगर ले जाते समय उन्होंने मुंशी से सांठगांठ कर कोयले को रास्ते में ही बेच दिया। जांच में सामने आया है कि छह ट्रकों का कोयला पहले ही खपाया जा चुका था, जबकि तीन ट्रक कोयला लेकर जा रहे थे। इस मामले में कुल नौ वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।