कोरबा में पुरानी रंजिश में व्यापारी की कार को पेट्रोल डालकर जलाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दर्री मुख्य मार्ग पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने एक व्यापारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात व्यापारी आशीष अग्रवाल की दुकान में पहले काम कर चुके युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी। दुकान संचालक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बदला लेने की नीयत से घटना को अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर की रात दुकान बंद होने के कारण आशीष अग्रवाल ने अपनी कार दुकान के बाहर खड़ी की थी। देर रात तीन युवक पैदल वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक ने डिब्बे से पेट्रोल निकालकर कार पर छिड़का, फिर माचिस जलाकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। आग लगते ही आसपास हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में आरोपी न सिर्फ आगजनी करते नजर आए, बल्कि गाली-गलौज करते हुए व्यापारी को धमकी देते भी दिखाई दिए।

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने रामसागर पारा निवासी शिव बंजारे उर्फ दिल्ली (24 वर्ष), चंदन गोड (23 वर्ष) और संतोष केवट उर्फ मोटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक चंदन गोड आदतन अपराधी है, जो पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और कुछ महीने पहले ही मुंबई से कोरबा लौटा था।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक रामकुमार उइके, सहायक उप निरीक्षक टांकेश्वर यादव, सहायक उप निरीक्षक चक्रधर राठौर प्रधान, आरक्षक वासुदेव आदित्य, आरक्षक 590 सुनील सिंह राजपूत, आरक्षक 685 चंद्रकांत गुप्ता, आरक्षक 519 आलोक पांडे की सराहनीय भूमिका रही।

आरोपी गिरफ्तार:-

  1. संतोष केवट उर्फ मोटू पिता इतवारी केवट उम्र 32 वर्ष साकिन अमेरी थाना सिविल लाइन बिलासपुर।
  2. शिव बंजारे उर्फ डील्ली पिता स्वर्गीय जेठू राम बंजारे उम्र 24 वर्ष पता रामसागरपारा कोरबा।
  3. चंदन गोंड पिता श्यामलाल गोंड उम्र 35 वर्ष पता रामसागर पारा कोरबा।
Share This Article