कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चैतमा वनपरिक्षेत्र के बेरिउमराव गांव के नीमपानी टोला में मंगलवार देर रात एक हाथी के हमले में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान सुंदरी मझावार के रूप में हुई है। सुंदरी अपने पति टिकेश राम मझावार के साथ घर के आंगन में सो रही थी। देर रात अचानक एक अकेला हाथी गांव में घुस आया और चिंघाड़ने लगा। शोर सुनकर पति घबराकर खाट के नीचे छिप गया।
इसी बीच सुंदरी हाथी को देखकर भागने लगी, लेकिन हाथी ने उसे दौड़ाकर कुचल दिया। किसी तरह पति वहां से निकलकर ग्रामीणों तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर हाथी को भगाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वन अमले ने मृतका के शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कटघोरा डीएफओ निशांत झा ने बताया कि बुधवार सुबह उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ गांव का दौरा कर घटना की पूरी जानकारी ली। मृतक परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वहीं, क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले जंगल या खेत की ओर न जाएं। हाथी दिखाई देने या उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर तुरंत वन विभाग को जानकारी दें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।