कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग एवं अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में निगम अमले ने सर्वमंगलानगर जोन अंतर्गत प्रेमनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पान दुकान, जनरल स्टोर एवं फल दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग का उपयोग पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर कुल 1200 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग, डिस्पोजल एवं इससे बनी अन्य सामग्रियों का उपयोग न करें, अन्यथा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम अमले ने वैकल्पिक पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों के उपयोग की अपील भी की।
निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण अथवा विक्रय की स्थिति में जुर्माना एवं सामग्री जब्ती की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
अवैध अतिक्रमण और निर्माण पर भी कार्रवाई
इसी क्रम में निगम के अतिक्रमण दस्ते ने बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 38, लालघाट में अमरसिंह होटल के पीछे स्थित आंगनबाड़ी के सामने हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से बंद कराया और संबंधित निर्माणकर्ता को नोटिस जारी किया।
वहीं वार्ड क्रमांक 36 रिसदी में भी अवैध निर्माण को रोका गया। इसके अलावा चित्रा टॉकीज के सामने लगाए गए अवैध ठेलों पर कार्रवाई करते हुए ठेला संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समयसीमा में ठेले हटाने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से नियमों का पालन करने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
