हाथी के हमलों से दहशत: हाथी ने घर पर सो रहे ग्रामीण को उतारा मौत के घाट, 48 घंटे में तीन मौतें

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में मानव–हाथी संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। बालको वन मंडल क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। बीते 48 घंटों में हाथी के हमलों से जिले में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

ताजा मामला 19 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे ग्राम गौरबोरा का है। यहां 40 वर्षीय महेन्दा सिंह मंझवार अपने घर में सो रहे थे, तभी एक हाथी ने अचानक घर में घुसकर उन्हें कुचल दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इससे पहले अजगरबहार परिसर और कटघोरा रेंज में दंतैल हाथी के हमले में दो महिलाओं की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटघोरा क्षेत्र में हमला करने वाला वही हाथी अब बालको इलाके में सक्रिय है और लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथी की मौजूदगी की सूचना पहले ही वन विभाग को दी गई थी, बावजूद इसके न तो रात्रि गश्त बढ़ाई गई और न ही किसी तरह की प्रभावी चेतावनी व्यवस्था की गई। लोगों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही और अपर्याप्त तैयारी के चलते ये जानलेवा घटनाएं हुई हैं।

हाथी की आक्रामक गतिविधियों से गांवों में दहशत का माहौल है। किसानों की फसलें भी नुकसान की चपेट में हैं, जिससे ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।

घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती दल तैनात करने की बात कही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल अपील से समस्या का समाधान नहीं होगा। वे हाथी को नियंत्रित करने, स्थायी निगरानी व्यवस्था और प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग कर रहे हैं।

Share This Article