कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर के हेलीपैड क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक जन्मदिन पार्टी के दौरान कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। यहां युवक और नाबालिग मिलकर तलवार से केक काटते पाए गए। यह पार्टी स्कॉर्पियो और अर्टिगा वाहन में चल रही थी, जिसमें कुल 8 से 9 लोग शामिल थे, जिनमें कुछ नाबालिग लड़के और लड़कियां भी मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार सभी युवकों ने स्कॉर्पियो वाहन पर केक रखकर करीब 3 फीट लंबी धारदार तलवार से केक काटा और इसके बाद नाच-गाना करते हुए जश्न मनाया। एक-दूसरे पर केक लगाने के दौरान ही मानिकपुर चौकी पुलिस की पेट्रोलिंग टीम की नजर उन पर पड़ गई।
पुलिस को देखकर मच गया हड़कंप
पुलिस को मौके पर आता देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई। तलवार को अर्टिगा वाहन के पीछे छिपाने की कोशिश की गई, जबकि युवतियां तुरंत स्कॉर्पियो में बैठ गईं। पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें अर्टिगा से 3 फीट लंबी तलवार बरामद की गई।
पुलिस सभी को मानिकपुर चौकी लेकर पहुंची, जहां पूछताछ में पता चला कि युवक और कुछ नाबालिग जांजगीर-चांपा जिले के चांपा से कोरबा आए थे। जन्मदिन एक नाबालिग लड़के का था, जिसकी कोरबा में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से जान-पहचान थी। उसी के साथ मिलकर यह पार्टी आयोजित की गई थी। पूछताछ के दौरान एक वाहन चालक ने कथित तौर पर अपनी ऊंची पहुंच और राजनीतिक पहचान होने का दावा भी किया।
नाबालिगों को परिजनों के सुपुर्द किया गया
कोरबा की रहने वाली नाबालिग लड़कियों के परिजनों से पुलिस ने संपर्क कर उन्हें चौकी बुलाया और सभी नाबालिगों को उनके हवाले कर दिया गया। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले में युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वाहन पर चालानी कार्रवाई करते हुए तलवार जब्त कर ली गई है।
बाल कल्याण समिति ने जताई चिंता
बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज ठाकुर ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि परिजनों की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें।
