कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत भेलवाटार जंगल में संचालित हो रहे एक बड़े जुआ अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सायबर सेल, थाना उरगा और चौकी रजगामार की संयुक्त टीम ने छापा मारकर मौके से 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 2.5 लाख रुपये नकद, 23 मोटरसाइकिलें, एक कार और 35 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। खास बात यह रही कि मौके से जब्त मोबाइल फोन की संख्या नकद राशि से भी अधिक पाई गई। जांच में सामने आया है कि जुआरी ऑनलाइन माध्यमों से, विशेषकर फोन-पे जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जुए का लेनदेन कर रहे थे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। माना जा रहा है कि लंबे समय से जंगल क्षेत्र में जुए की महफिल सज रही थी, जिसकी जानकारी होने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
गिरफ्तार जुआरियों में कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के निवासी शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, वहीं जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल लेनदेन की भी सायबर सेल द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से संगठित रूप से चल रहे अवैध जुए के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है और आगे भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
