ट्रेलर चालक का अपहरण कर नगदी व मोबाइल लूटे, रेलवे ट्रैक किनारे फेंका, मालगाड़ी की चपेट में आने से चालक का पैर हुआ जख्मी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के कुसमुंडा खदान क्षेत्र में ट्रेलर चालक के साथ अपहरण व लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने चालक को अगवा कर नगदी व मोबाइल लूट लिया और हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया। ठंड में पूरी रात पड़े रहने के दौरान चालक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना रविवार सुबह कुसमुंडा गेट नंबर 6 के पास सामने आई। राहगीरों ने रेलवे पटरी के पास एक युवक को घायल अवस्था में कराहते देखा। युवक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। लोगों ने रस्सी खोलकर उसे आजाद कराया और उसके मोबाइल से उसके साथी को सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल की पहचान विनोद कहार (निवासी ग्राम बघनारी, थाना चोपन, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले दो माह से कोरबा में ट्रेलर चालक के रूप में काम कर रहा था। विनोद ने बताया कि शनिवार रात वह ट्रेलर को कुसमुंडा खदान में खड़ा कर खाना खाने जा रहा था, तभी बोलेरो सवार तीन-चार युवकों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया। कुछ दूर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और तीन हजार रुपये नगद, दस्तावेजों से भरा पर्स व मोबाइल लूट लिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर रेलवे लाइन के पास फेंक दिया गया।

ठंड में पूरी रात पड़े रहने के दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रैक से हट भी नहीं सका। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article