AI से एडिट कर नाबालिग की आपत्तिजनक वीडियो किया वायरल, आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से जुड़े एक गंभीर साइबर अपराध मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एआई तकनीक का इस्तेमाल कर नाबालिग की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक यह मामला ग्राम बनबंधा का है, जहां आरोपी युवक कथित रूप से काफी समय से नाबालिग लड़की को परेशान कर रहा था। युवक ने एआई जनरेटेड तस्वीरें और वीडियो बनाकर लड़की को डराने-धमकाने की कोशिश की और मिलने का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने इससे इनकार किया, तो आरोपी ने बनाए गए वीडियो और फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने 5 दिसंबर 2025 को पाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जांच की जिम्मेदारी कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी को सौंपी गई।

कार्रवाई में देरी पर एसपी से की गई शिकायत

शिकायत के लगभग 18 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन 22 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे पूरा परिवार मानसिक दबाव में है और पीड़िता भयभीत है।

एसपी के निर्देश के बाद गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है और जांच अभी जारी है।

Share This Article