अवैध ईंट भट्ठों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 18 भट्ठा मालिकों पर शिकंजा, 9 लाख ईंटें जब्त

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कलेक्टर कोरबा कुणाल दुदावत के निर्देशन में तहसील हरदीबाजार अंतर्गत ग्राम हरदीबाजार एवं ग्राम सुवाभोड़ी में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 18 अवैध ईंट भट्ठा मालिकों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 9 लाख अवैध ईंटें जब्त कर संबंधित ग्राम पंचायत के सुपुर्द की गईं।

यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित कुमार सिंह, तहसीलदार हरदीबाजार अभिजीत राजभानू, थाना प्रभारी मृत्युंजय पाण्डेय, राजस्व एवं पुलिस दल तथा पंचायत विभाग के संयुक्त दल द्वारा की गई।

जांच के दौरान ईंट भट्ठों में अवैध विद्युत कनेक्शन पाए गए, जिस पर तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर अवैध कनेक्शनों को जब्त एवं निरस्त करने की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, अवैध परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि हरदीबाजार निवासी राजेश जायसवाल द्वारा अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से ईंट भट्ठों को आपूर्ति की जा रही थी। साथ ही ईंट भट्ठों में अवैध कोयले के उपयोग की पुष्टि हुई है। इन सभी मामलों में थाना प्रभारी द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article