कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कक्षा 6 में पढ़ने वाली छात्रा शाम करीब 4 बजे स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान अयोध्यापुरी निवासी 28 वर्षीय विक्की श्रीवास ने सीएसईबी कॉलोनी क्षेत्र में छात्रा को रोककर समय पूछने के बहाने उसके साथ अभद्रता की। आरोपी ने छात्रा के गाल पर जबरन किस किया और उसकी कमर पकड़ ली।
घटना से घबराई छात्रा ने शोर मचाया जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद दर्री थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर दर्री थाना में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।