युवा जनपद सदस्य धनंजय बायल की पहल, खरसिया के तेलीकोट में बच्चों को मिलेगा निशुल्क ट्यूशन

3 Min Read

युवा जनपद सदस्य धनंजय बायल की पहल, खरसिया के तेलीकोट में बच्चों को मिलेगा निशुल्क ट्यूशन

रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज:    रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीकोट में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। युवा जनपद सदस्य एवं समाजसेवी धनंजय बायल की पहल पर गांव के कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क ट्यूशन क्लास की शुरुआत की गई है।

इस ट्यूशन क्लास का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। क्लास में विशेष रूप से इंग्लिश और चित्रकला विषयों पर फोकस किया जा रहा है, जिन्हें बच्चों की समझ के अनुसार सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया जा रहा है।

निशुल्क ट्यूशन की शुरुआत के बाद गांव के बच्चों में पढ़ाई को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी नियमित रूप से क्लास में शामिल हो रहे हैं, जिससे उनके ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि आर्थिक कमजोरी के चलते पहले कई बच्चे निजी ट्यूशन नहीं ले पाते थे, जिसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ता था। अब यह निशुल्क सुविधा उनके लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ी है और उनका शैक्षणिक स्तर भी सुधर रहा है।

इस अवसर पर जनपद सदस्य धनंजय बायल ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। यदि ग्रामीण अंचल के बच्चों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे भी किसी से पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने आगे भी इस तरह के शैक्षणिक व सामाजिक कार्य लगातार जारी रखने की बात कही।
इस पहल के लिए ग्राम पंचायत तेलीकोट के ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने युवा बीडीसी धनंजय बायल के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिले में यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

Share This Article