बारात में घुसा बेकाबू ट्रक, 4 महिलाएं घायल, एक की हालत गंभीर
जांजगीर-चांपा: जांजगीर जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत घिवरा गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे पर नाच रहे बारातियों के बीच अचानक एक अनियंत्रित ट्रक घुस गया, जिससे चार महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पेंड्रावन से बारात बिर्रा के भाटापारा स्थित रथू देवांगन के घर पहुंची थी। घर के द्वार पर परघनी की तैयारी चल रही थी और बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान शिवरीनारायण की ओर से आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक पास में लगे टेंट से जा भिड़ा।
हादसे में टेंट के पास खड़ी चार महिलाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। घायलों में भूरी बाई (65 वर्ष), राधिका देवांगन और रेधुका देवांगन (55 वर्ष) शामिल हैं, जिनका इलाज बिर्रा में जारी है। वहीं, उसा बाई देवांगन (53 वर्ष) के जांघ पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने से उनकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खोने की बात कही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।