जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के राहौद नगर में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक किसान से करीब ढाई लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार किसान पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री की राशि निकालकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। मौका पाकर उन्होंने किसान के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में फुटेज में आरोपी नजर आए हैं, हालांकि बाइक चालक हेलमेट पहने होने के कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
पुलिस ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।