अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, तीन हाइवा जब्त
जांजगीर-चांपा: जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को बम्हनीडीह थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बम्हनीडीह क्षेत्र में जांच के दौरान टीम ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए तीन हाइवा को पकड़ा और जब्त कर लिया।
खनिज विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कुल 591 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में अब तक 1 करोड़ 67 लाख 32 हजार 540 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देश पर जिले में अवैध अफीम की खेती की संभावना को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार की टीम तथा नगरीय क्षेत्रों में पटवारी और नगर पालिका/पंचायत की टीम द्वारा संयुक्त सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।