पिता ने नहर में डुबोकर 6 साल के बेटे की ली जान, पत्नी से विवाद के बाद दिया वारदात को अंजाम
जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने अपने ही छह वर्षीय बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता रमेश यादव को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रमेश यादव ग्राम भैंसों का रहने वाला है और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन गाली-गलौज और मारपीट से परेशान होकर पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके ग्राम भिलौनी में रहने लगी थी। इस बात से रमेश यादव नाराज था और पत्नी को जान से मारने की धमकी भी देता रहता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे रमेश यादव अपने ससुराल भिलौनी पहुंचा और अपने छह वर्षीय बेटे आयुष यादव को अपने साथ लेकर निकल गया। कुछ घंटों बाद वह बच्चे का शव लेकर वापस ससुराल पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलने पर पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में रमेश यादव ने नशे में होने और साइकिल सहित नहर में गिरने से बच्चे की मौत होने की बात कही। हालांकि कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी के घर वापस न आने से वह गुस्से में था। इसी आक्रोश में उसने बेटे आयुष को नहर के पानी में डुबोकर मार डाला और बाद में शव को लेकर ससुराल पहुंच गया।
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।