कटघोरा में अटल प्रतिमा निर्माण पर उठे सवाल, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ईशहाक खान ने कटघोरा नगर पालिका में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ईशहाक खान ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी पूरे देश के सम्मानित नेता रहे हैं। उनके नाम पर स्थापित प्रतिमा के निर्माण में यदि गुणवत्ता से समझौता हुआ है या सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है, तो यह केवल वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं बल्कि देश के एक महान नेता के सम्मान से जुड़ा विषय भी है।

उन्होंने कहा कि नगरवासियों के बीच प्रतिमा निर्माण की गुणवत्ता, लागत तथा टेंडर प्रक्रिया को लेकर कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर जनता के संदेह दूर करे।

ईशहाक खान ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और छत्तीसगढ़, दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर हुए इस निर्माण कार्य से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराए और जनता के सामने सच्चाई रखे। यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन, गुणवत्ता में कमी या वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ईशहाक खान ने मांग की कि प्रतिमा निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश, निर्माण एजेंसी, तकनीकी परीक्षण, भुगतान तथा गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता, नियमों का उल्लंघन या भ्रष्टाचार के प्रमाण मिलते हैं, तो दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

ईशहाक खान की प्रमुख मांगें:

* प्रतिमा निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
* टेंडर, कार्यादेश एवं भुगतान से संबंधित सभी दस्तावेज़ सार्वजनिक किए जाएं।
* निर्माण कार्य की लागत एवं गुणवत्ता का सामाजिक एवं तकनीकी ऑडिट कराया जाए।
* यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सिद्ध होती है, तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए!

ईशहाक खान ने कहा कि यह मुद्दा किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि सार्वजनिक धन की जवाबदेही, पारदर्शिता और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान का विषय है। यदि सब कुछ नियमों के अनुसार हुआ है तो जांच से यह स्पष्ट हो जाएगा, और यदि अनियमितता हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

Share This Article