इमली डुग्गू के पोखरी पारा में छठघाट के पास सार्वजनिक भूमि पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण हटाकर प्रशासन ने लिया कब्जे में, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-9 स्थित इमली डुग्गू के पोखरी पारा में सार्वजनिक भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

प्रशासन के मुताबिक संबंधित पक्ष को पहले ही निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण जारी रहने की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया गया और भूमि को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया।

पूर्व वार्ड पार्षद सुफल दास ने बताया कि छठघाट के समीप स्थित पोखरी की सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत जिला प्रशासन से की गई थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर निगम के तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास दुबे ने बताया कि शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा था, वह क्षेत्र वर्षों से छठ पूजा समेत विभिन्न धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोग में आता रहा है। उनका आरोप है कि सरकारी योजना का हवाला देकर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी।

दूसरी ओर, प्रभावित महिला ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पिछले करीब दस वर्षों से उसी स्थान पर रह रही हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत होने के बाद निर्माण शुरू किया गया था और उन्हें 12 फीट क्षेत्र में एक कमरा बनाने की मौखिक अनुमति भी दी गई थी। इसके बावजूद निर्माण तोड़ दिया गया।

 

Share This Article