सीसीटीएनएस में गुणवत्ता और समयबद्धता पर कोरबा एसपी का फोकस, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया गया सम्मान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों को अधिक प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर सीसीटीएनएस कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों और विभिन्न मॉड्यूलों में डाटा एंट्री की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस में दर्ज होने वाली प्रत्येक प्रविष्टि पूरी तरह सही, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से अनुसंधान कार्य अधिक प्रभावी होता है और न्यायालयीन प्रक्रिया के साथ-साथ अपराध संबंधी अभिलेखों की विश्वसनीयता भी बनी रहती है।

बैठक में फॉर्म एंट्री, MedLEaPR, VCNB, ई-साक्ष्य, अंतिम प्रतिवेदन (Final Report), मालखाना एंट्री, e-Sign FIR एवं चार्जशीट सहित विभिन्न मॉड्यूलों की समीक्षा की गई। सभी लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निराकरण करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रार्थी, आरोपी और पीड़ित से संबंधित सभी आवश्यक विवरण, जैसे नाम, पिता/पति का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी का सत्यापन करने के बाद ही डाटा एंट्री की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या न्यायिक समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक के दौरान सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बेहतर कार्य करने वालों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Share This Article