कोरबा/बीना: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के एक 30 वर्षीय युवक का शव पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के शौचालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोका गया, जहां जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक पडनिया, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात भोपाल से रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे ट्रेन के गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय में युवक को फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया।
मौके पर पहले से मौजूद जीआरपी टीम ने शव को नीचे उतारकर बीना के सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के सामान की तलाशी लेकर उसकी पहचान सुनिश्चित की और परिजनों को घटना की सूचना दे दी।
प्रारंभिक पूछताछ में कुछ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार हुआ था और काफी देर तक कोच के गेट के पास बैठा दिखाई दिया था। इसके बाद वह शौचालय की ओर कब गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी यात्री को नहीं है।
जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
