कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के रामपुर स्थित देसी शराब दुकान में शराब खरीदने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। लाइन में खड़े एक युवक पर दूसरे युवक ने शराब की बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पुराना काशी नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव (23 वर्ष) ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्रमोद ने बताया कि 29 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे वह रामपुर की देसी शराब दुकान में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान शराब लेकर बाहर निकल रहे एक युवक का पैर अनजाने में उसके पैर पर पड़ गया।
प्रमोद ने इसका विरोध करते हुए केवल सावधानी से चलने की बात कही, लेकिन इस पर आरोपी भड़क गया। आरोप है कि उसने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथ में मौजूद शराब की बोतल सीधे प्रमोद के सिर पर मार दिया। हमले में प्रमोद के सिर और बाएं होंठ के पास गंभीर चोट आई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कई लोग वहां मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। घायल युवक ने उपचार के बाद देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की मदद से आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
