धतुरा स्कूल में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल, औचक निरीक्षण में बच्चों ने खोली पोल, शिक्षक पर भी लगे लापरवाही के आरोप

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम धतुरा स्थित शासकीय स्कूल में मिड-डे मील की गुणवत्ता और शिक्षण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पूर्व उपसरपंच एवं वर्तमान पंच चैतराम केंवट, घासु सिंह मरकाम तथा पत्रकार रवि राठौर, भिखम कौशिक और सागर केंवट ने स्कूल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत में जानकारी मिली कि पिछले सोमवार परोसे गए मिड-डे मील में कीड़ा मिला था। हालांकि, निरीक्षण के समय भोजन की जांच करने पर खाना साफ मिला, लेकिन कई बच्चों ने पहले हुई घटना का उल्लेख किया। मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम सरपंच ब्रिज बाई मरकाम ने कहा कि यदि भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल के शिक्षक राजेश सूर्यवंशी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। निरीक्षण के समय शिक्षक कार्यालय में बैठे मिले। पूछने पर उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही और घर जाने की जानकारी दी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने न तो विधिवत अवकाश लिया और न ही छात्रों की कक्षाएं संचालित कीं।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद शिकायतों को लेकर चर्चा करने पर शिक्षक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि, “जहां शिकायत करना है कर दो, मैं सब निपट लूंगा।” इस कथित व्यवहार से ग्रामीणों में और अधिक आक्रोश देखा गया।

निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो मिड-डे मील की गुणवत्ता और शिक्षण व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें।

Share This Article