कोरबा: रामपुर शराब दुकान शिफ्ट करने की तैयारी का महिलाओं ने किया जोरदार विरोध, पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर भी पहुंचे समर्थन में, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  रामपुर स्थित शराब दुकान को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित कर नई जगह संचालित करने की आबकारी विभाग की तैयारी का शुक्रवार को स्थानीय महिलाओं ने जोरदार विरोध किया। निरीक्षण के लिए पहुंची आबकारी विभाग की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गईं और प्रस्तावित स्थान पर शराब दुकान नहीं खोलने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी कर दुकान खोली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

महिलाओं के आंदोलन को समर्थन देने पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करने और प्रस्तावित स्थान पर शराब दुकान नहीं खोलने की मांग की।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। वहीं, आंदोलन की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।

गौरतलब है कि रामपुर शराब भट्टी को हटाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए जा चुके हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शराब दुकान के कारण कई बार मारपीट और विवाद जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है।

रामपुर शराब भट्टी को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय पार्षद ने भी पहले मोर्चा खोलते हुए लगातार आंदोलन किया था। अब शराब दुकान को नए स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी के विरोध में एक बार फिर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया है।

Share This Article