कोरबा में लोनर हाथी का आतंक: खेत से लौट रहे किसान को पटक-पटककर मार डाला

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। खेत से काम खत्म कर घर लौट रहे किसान पर एक लोनर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने किसान को सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जगेश्वर राठिया (53 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

वन विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों से एक अकेला हाथी बड़मार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार घूम रहा था। विभाग ने पहले ही मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी थी, लेकिन शनिवार सुबह यह हादसा हो गया।

घटना के बाद वन अमले ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे आबादी से दूर जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और शाम होने से पहले घर लौट आएं।

परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

वन विभाग ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Share This Article