कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में करीब दो महीने पहले दीपका थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक शाखा में हुई सेंधमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने बैंक का लॉकर तोड़कर नकदी लूटने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं होने पर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक 4 जून की देर रात आरोपी काले रंग की कार से प्रगति नगर स्थित यूनियन बैंक शाखा पहुंचे। चेहरे पर नकाब और हाथों में दस्ताने पहनकर उन्होंने बैंक में सेंध लगाई और भीतर प्रवेश किया। काफी देर तक लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिलने पर बिना कोई रकम ले जाए वहां से भाग निकले।
घटना के बाद दीपका थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार करीब दो माह तक चली जांच और मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम हरियाणा के रोहतक पहुंची, जहां से जितेंद्र बड़क (38) और प्रवीण कुमार (30) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पहले दीपका क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम कर चुके थे। इसी वजह से उन्हें इलाके और बैंक की गतिविधियों की अच्छी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने वारदात की योजना बनाई।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के साथियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लेकर आई।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के तार अन्य राज्यों में हुई बैंक सेंधमारी की घटनाओं से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड, गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामले की जांच जारी है। साथ ही बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
