प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं से अभद्रता का आरोप: बच्चों की शिकायत पर खुला हेडमास्टर का कथित घिनौना कृत्य; पुलिस ने किया गिरफ्तार, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम डोंगाकोहरौद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक के खिलाफ छात्राओं से कथित अशोभनीय हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चों की शिकायत के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार स्कूल में पढ़ने वाले कुछ छात्र-छात्राओं ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को बताया कि हेडमास्टर ड्यूटी के दौरान अनुचित व्यवहार कर रहे थे और छात्राओं को अपने पास बुला रहे थे। बच्चों की बात सुनने के बाद परिजन तत्काल स्कूल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां पहुंचने पर उन्होंने हेडमास्टर को आपत्तिजनक अवस्था में देखा। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

मामले की सूचना तत्काल डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद छात्राओं, अभिभावकों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक एकत्र हो गए। अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए और ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उनका कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार तत्काल विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग भी अपने स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है।

फिलहाल पुलिस की विवेचना जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article