कोरबा: 2 साल पुराने जहरीली शराब से हत्या मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी की भी हो चुकी है गिरफ्तारी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में सामने आए चर्चित हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वैभव भारती को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले मामले के सह-आरोपी जितेंद्र मसीह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कोरबा की ओर से इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 में दर्ज अपराध क्रमांक 248/2024 से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि मृतक विकास अग्रवाल और आरोपी वैभव भारती के बीच पुराना विवाद और रंजिश थी। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रचने का आरोप आरोपियों पर है।

पुलिस जांच के मुताबिक, 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान मृतक को शराब पिलाई गई थी। आरोप है कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में आगे बढ़ाया।

घटना के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश जारी रखी। 31 जुलाई को सह-आरोपी जितेंद्र मसीह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी वैभव भारती को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ में मामले से जुड़े अहम तथ्यों की जानकारी मिली है। उरगा थाना पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस दो साल पुराने हत्या प्रकरण में दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

पुलिस का कहना है कि गंभीर और लंबित अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article