नशे में धूत तेज रफ्तार कार सवार ने स्कूटी को मारी टक्कर: 6 साल के बेटे सहित पिता की मौत, मां की हालत गंभीर, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। डुमरडीह जंगल के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि 6 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मां का इलाज आईसीयू में जारी है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम मौहार निवासी चैत राम राठिया अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और 6 वर्षीय बेटे दिशांत राठिया के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे डुमरडीह जंगल के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की ताकत इतनी अधिक थी कि स्कूटी काफी दूर तक घिसटती चली गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मासूम दिशांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चैत राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी सुमित्रा की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। चैत राम अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनके चार बच्चों में अब एक बेटे और पिता दोनों का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार में सवार लोग शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे। हादसे के बाद वे कुछ देर मौके पर रुके, लेकिन फिर कार लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

 

Share This Article