कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के कुसमुंडा फोरलेन पर 8 जुलाई को गंभीर हालत में मिले विकास नगर निवासी सविंदर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक महीने तक रायपुर में उपचार चलने के बाद सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में परिचित मंगलवार को कुसमुंडा थाना पहुंचे और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई की सुबह डंपर पुल के पास फोरलेन किनारे सविंदर सिंह घायल अवस्था में पड़े मिले थे। उनकी बाइक भी पास में गिरी हुई थी। शरीर पर खून और चेहरे पर गंभीर चोट देखकर कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने राहगीरों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया।
शुरुआत में चोटों के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में उनकी पहचान विकास नगर निवासी सविंदर सिंह के रूप में हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया।
परिजनों ने उठाए घटना की परिस्थितियों पर सवाल
सविंदर की मौत के बाद परिजनों और दोस्तों ने घटना को हादसा मानने पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सविंदर के साथ मारपीट की गई और उन्हें मृत समझकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर कुसमुंडा थाना पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष और गंभीर जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
