ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 120 विद्यार्थियों ने सीखे ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 120 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर पीके द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी आर. के. गर्ग, प्राचार्या रचना गार्डिया सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार चंद्रा एवं साइबर टीम के वीरकेश्वर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।

ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को विश्वास में लेकर उनकी आर्थिक एवं व्यक्तिगत जानकारी हासिल करते हैं। कार्यक्रम में OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश एवं लोन ऑफर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के संबंध में विद्यार्थियों को उदाहरण सहित समझाया गया।

विद्यार्थियों को विशेष रूप से चेताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है। विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सजग करना, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के लिए प्रेरित करना और साइबर ठगी की रोकथाम में युवाओं की भूमिका को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए कोरबा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Share This Article