कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: हसदेव नदी से लगे गांवों में मगरमच्छों की मौजूदगी ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को तरदा एनीकट और कुदुरमाल एनीकट के आसपास मगरमच्छ देखे जाने की सूचना सामने आने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया। नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने और खेतों व नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी तरदा गांव में एक मगरमच्छ खेतों तक पहुंच गया था। नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ ग्रामीण क्षेत्र में आ गया था। ग्रामीणों ने सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर वन विभाग के हवाले किया था।
उस घटना के बाद ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में और मगरमच्छ होने की आशंका जताई थी। अब तरदा और कुदुरमाल एनीकट के पास दोबारा मगरमच्छ देखे जाने की सूचना से यह आशंका और गहरा गई है।
वन विभाग ने हसदेव नदी के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। विभाग की नजर नदी और एनीकट से लगे इलाकों पर बनी हुई है। ग्रामीणों से कहा गया है कि यदि मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद नदी किनारे बसे गांवों में लोगों की आवाजाही को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है। खासकर खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
