कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के वनांचल क्षेत्र में भालू की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। डीडासरई-देवपहरी के जंगल से लगे खेतों में काम कर रही दो महिलाओं पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार की बताई जा रही है। मूल्यारो बाई (50 वर्ष) और समारी बाई गांव से लगे खेतों में काम कर रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आया भालू अचानक उनके सामने पहुंच गया और दोनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिलाओं को संभलने का मौका नहीं मिला।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
भालू के हमले की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों घायल महिलाओं को तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा ले जाया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया और उन्हें निगरानी में रखा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति स्थिर बताई गई है।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हमले वाली जगह का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि भालू किस दिशा से आया था और घटना के बाद वह किस ओर गया। जंगल से लगे इलाकों में वन्यप्राणी की मौजूदगी को देखते हुए विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जंगल और खेतों में अकेले जाने से बचने की अपील
हमले के बाद डीडासरई-देवपहरी समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से पहले सतर्कता बरत रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह-शाम जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं और संभव हो तो समूह में ही जाएं। बच्चों को जंगल की ओर नहीं भेजने की सलाह दी गई है। किसी भी वन्यप्राणी के दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
