कोरबा में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, तीन घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के पाली थाना क्षेत्र के चैतमा में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ, जहां बाइक और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

जानकारी के मुताबिक बाइक पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर श्वेता सोनी के अनुसार, घायल को सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह पूरी तरह होश में नहीं था। प्राथमिक उपचार और एक्स-रे के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार को मान रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article