कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बालको थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और उस पर आपत्तिजनक दबाव बनाने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने मोहल्ले के एक पंच के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बताया गया कि आरोपी का छात्रा के घर आना-जाना था। 10 अगस्त को वह आरटीओ कार्यालय जाने की बात कहकर छात्रा के घर पहुंचा और उसे कॉलेज छोड़ने की बात कही। छात्रा अपनी सहेली के साथ बाइक पर उसके साथ कॉलेज गई।
कॉलेज पहुंचने के बाद आरोपी ने छात्रा की सहेली को वहां से भेज दिया। इसके बाद आधार कार्ड से जुड़े काम का बहाना बनाकर छात्रा से बातचीत की और कथित तौर पर उस पर गलत तरीके से दबाव बनाने की कोशिश की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ने का प्रयास किया। घबराई छात्रा कॉलेज की कक्षा में चली गई। आरोप है कि आरोपी काफी देर तक कक्षा के बाहर मौजूद रहा। छुट्टी के बाद आरोपी ने छात्रा के प्रति अपनी पसंद जाहिर करते हुए शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। इसके बाद छात्रा ऑटो से अपने घर लौट गई।
अगले दिन सहेली को किया फोन
छात्रा के मुताबिक 11 अगस्त को आरोपी फिर उसके घर पहुंचा और कॉलेज चलने के लिए कहा, लेकिन छात्रा ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी दिन दोपहर में आरोपी ने छात्रा की सहेली को फोन कर उसे अपने लिए ‘सेट’ कराने की बात कही। उसने इसके बदले उसकी मांग पूरी करने की बात कही। सहेली ने साफ इनकार करते हुए फोन काट दिया और पूरी घटना की जानकारी छात्रा को दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद बालको पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने छात्रा और उसकी सहेली के बयान दर्ज किए हैं। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
