प्राचार्य-छात्रावास अधीक्षक को हटाने की मांग को लेकर छुरी में फिर सड़कों पर उतरे एकलव्य स्कूल के छात्र, चक्काजाम से घंटो बाधित रहा सड़क, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर देखने को मिला। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र गुरुवार सुबह करीब 7 बजे छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। एक महीने के भीतर छात्रों का यह तीसरा आंदोलन रहा।

प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक को हटाने की मांग

छात्रों की प्रमुख मांग विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों ने स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और आंदोलन के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

सड़क पर थमी रफ्तार, वाहनों की लगी कतार

छात्रों के चक्काजाम के कारण कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे तक चले आंदोलन के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की बातचीत

चक्काजाम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाते हुए छात्रों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की।

लिखित शिकायत के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

लगातार बातचीत के बाद एसडीएम की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने पर छात्रों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। करीब चार घंटे बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

एक महीने में तीसरी बार आंदोलन

छात्र इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर विधायक का घेराव और सड़क पर चक्काजाम कर चुके हैं। लगातार हो रहे आंदोलनों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन छात्रों की मांगों पर कितनी जल्दी ठोस कार्रवाई करता है।

Share This Article