कोरबा में युवक की मौत का खुलासा: नशे में विवाद के बाद पत्नी ने पैर में मारा चाकू; अब गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  मानिकपुर चौकी क्षेत्र की एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में मामला हत्या का निकला, जिसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना के दिन अंकित शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद वह कमरे में चला गया, जहां उसकी पत्नी भी मौजूद थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रिया ने अंकित के पैर में चाकू से वार कर दिया।

चोट लगने के बाद अंकित के पैर से काफी रक्तस्राव हुआ। उसकी पत्नी की आवाज सुनकर छोटा भाई आशीष और अन्य परिजन कमरे में पहुंचे। परिजन उसे तत्काल एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इलाज में देरी और बीमारी से बढ़ा रक्तस्राव

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार अंकित की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के चलते हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके खून का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। ऐसे में पैर में लगी चोट के बाद रक्तस्राव नियंत्रित नहीं हो सका और उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई।

घरेलू विवाद बना मौत की वजह

जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि अंकित के शराब पीने के बाद अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट होती थी। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान प्रिया ने चाकू से अंकित के पैर पर वार किया और समय पर उपचार नहीं मिलने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

मानिकपुर पुलिस ने प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।

Share This Article