चमोली टनल बड़ा हादसा: पानी और मलबे की तेज़ धार में फंसे मजदूर, छत्तीसगढ़ व झारखंड के 7 लोग की मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

चमोली:  उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर–पीपलकोटी टनल में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में छत्तीसगढ़ और झारखंड के 7 श्रमिकों की मौत की सूचना है। राहत और बचाव अभियान के दौरान 22 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 श्रमिकों की तलाश जारी है।

घटना के बाद जिला प्रशासन और राहत दलों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे में 11 श्रमिक घायल बताए गए हैं। घायलों में झारखंड के 5, बिहार के 2, छत्तीसगढ़ के 2 तथा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के एक-एक श्रमिक शामिल हैं।

अचानक बढ़ा पानी, मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला

विष्णुगाड–पीपलकोटी पनबिजली परियोजना की इस निर्माणाधीन टनल में शाम के वक्त अचानक पहाड़ से मलबे के साथ पानी का तेज बहाव अंदर पहुंच गया। टनल में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में पानी और मलबे ने टनल के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घायल श्रमिक सुनील दीवान के मुताबिक, वह टनल के भीतर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भूस्खलन हुआ और पानी-मलबा तेजी से अंदर आने लगा।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

प्रशासन की ओर से टनल में फंसे और लापता श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल मलबा हटाकर अंदर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे के बाद परियोजना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Share This Article