कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के दर्री थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भवानी मंदिर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 17 गोवंश हादसे का शिकार हो गए। इनमें 7 की मौत हो गई, जबकि 10 घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे गौसेवकों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। रात के समय सड़क पर मौजूद गोवंशों के झुंड को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मवेशी सड़क पर ही गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंचे तथा घायल गोवंशों को संभालने का प्रयास किया।

हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी और उनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि लगातार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
चक्काजाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। दर्री सीएसपी गिरिजा शंकर साव ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।
कुछ दिन पहले बिलासपुर में भी हुआ था हादसा
सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी से होने वाले हादसों का यह मामला नया नहीं है। करीब नौ दिन पहले बिलासपुर में भी तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया था। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हुए उस हादसे में 9 मवेशियों की मौत हो गई थी।
हाईकोर्ट में भी चल रही है सुनवाई
सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े का मुद्दा पहले से ही न्यायालय के संज्ञान में है। इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर लगातार सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान सड़क सुरक्षा और मवेशियों की व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार तथा एनएचएआई को कई बार निर्देश और टिप्पणियां भी की जा चुकी हैं।
फिलहाल दर्री पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किस वाहन की चपेट में आने से दुर्घटना हुई। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।
